
फाइनल मैच में बिलासपुर पुलिस टीम को 5 रन से हराकर जीता 1 लाख रुपए का इनाम
बलौदा बाजार – सरकंडा बिलासपुर के मैदान में छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के तत्वाधान में आयोजित छ.ग. राज्य स्तरीय रात्रि कालीन क्रिकेट टूर्नामेंट दक्षिण कोशल कप 2026 का खिताब बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम ने जीत लिया है। गत दिवस खेले गए फाइनल मैच में बलौदाबाजार-भाटापारा की पुलिस टीम ने बिलासपुर पुलिस टीम को शानदार एवं रोमांचक मैच में 5 रन से पराजित करते हुए विजेता का खिताब जीता। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में 20 जिलों के विभिन्न शासकीय विभागों, प्राइवेट एवं संविदा अधिकारी, कर्मचारियों की कुल 48 टीमों ने भाग लिया था, जिसमें बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम ने लीग मैंचो में बिलासपुर पुलिस टीम बी, सी, शिक्षा विभाग मस्तूरी, बलरामपुर की टीम तथा सेमी फाइनल मैच में जल संसाधन विभाग बिलासपुर की टीम को परास्त करते हुए शानदार तरीके से फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच में टॉस जीत कर जिला पुलिस टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 80 रन का चुनौती पूर्ण स्कोर खड़ा किया।
मैच में कमलेश मरावी, भूपेन्द्र वर्मा, त्रिलोक चंद्र साहू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। पश्चात बिलासपुर की टीम बैटिंग करने मैदान में आई। इस बीच द्वारिका साहू, प्रीतम पाटले एवं नंद किशोर वर्मा ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए पूरी बिलासपुर पुलिस टीम को मैच की अंतिम गेंद तक बांधे रखा, जिसमें अंतिम गेंद पर जीत के लिए 5 रन बिलासपुर टीम नहीं बना सकी और इस बलौदा बाजार भाटापारा पुलिस टीम ने शानदार तरीके से फाइनल मैच जीत कर दक्षिण कोशल कप का खिताब अपने नाम कर लिया। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम को 1,00,000 रुपये नगद एवं कप से सम्मानित किया गया। संपूर्ण प्रतियोगिता में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करने वाले आरक्षक त्रिलोकचंद साहू को बेस्ट बालर के रूप में रेंजर सायकल और कप तथा फाइनल में मैन ऑफ द मैच आरक्षक द्वारिका साहू को एलसीडी टीव्ही प्रदान किया गया। सोमवार को पुलिस कार्यालय सभा कक्ष बलौदाबाजार में टीम के समस्त खिलाड़ियों से पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा द्वारा भेंटकर उन्हें शुभकामनाएं दिया गया। इस दौरान श्री शर्मा ने कहा कि पूरे राज्य से आए हुए विभिन्न विभागों की सशक्त टीमों को पराजित कर फाइनल मैच का खिताब अपने नाम करना बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने पुलिस टीम के सभी खिलाड़ियों के प्रयासों की जमकर सराहना किया।




