गिधपुरी

ग्राम भरूवाडीह में नए धान खरीदी केंद्र (मंडी) का भव्य शुभारंभ, 6 गांवों के किसानों में खुशी की लहर

डोमार साहू( गिधपुरी)
भरूवाडीह क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। ग्राम भरूवाडीह में नवीन धान उपार्जन केंद्र (मंडी) का विधिवत उद्घाटन किया गया। रुहासी मंडल अध्यक्ष श्री विजय कोसले ने विधिवत पूजा-अर्चना और धान की तौल कर इस नए केंद्र का शुभारंभ किया।
नया खरीदी केंद्र खुलने से आसपास के ग्रामीणों और किसानों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है। गौरतलब है कि इससे पहले क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए भवानीपुर मंडी जाना पड़ता था, जिससे उन्हें दूरी और परिवहन संबंधी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
अब भरूवाडीह में ही मंडी की सुविधा उपलब्ध हो जाने से 6 प्रमुख गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इन गांवों में बोडा, मोहान, बिजराडीह, भरूवाडीह, तमोरी और खपरी शामिल हैं। इन सभी गांवों के किसान अब आसानी से और कम समय में अपना धान इस नए केंद्र पर बेच सकेंगे।
उद्घाटन के अवसर पर मंडल अध्यक्ष विजय कोसले ने कहा कि किसानों की सुविधा और समृद्धि हमारी पहली प्राथमिकता है। इस नई मंडी के शुरू होने से किसानों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button