
रायपुर – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष / विधायक किरण सिंह देव ने कहा है कि जनता ने भाजपा को सुशासन, संवेदनशीलता, सेवा और संस्कार का प्रतिसाद देने का मन बना लिया है और सभी 11 सीटों पर सर्वाधिक रिकॉर्ड बहुमत से भाजपा को जीत मिलने जा रही है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के बचे हुए दोनों टापू भी इस बार भाजपा की सुनामी में डूबने वाले हैं। भाजपा कार्यकर्ता इस बार कोरबा और बस्तर में भी जीत का परचम फहराने वाले हैं।
किरण सिंह देव ने कहा कि प्रदेश का एक-एक भाजपा कार्यकर्ता कार्यकर्ता ‘अबकी बार 400 पार’ के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्राण-पण से जुटा हुआ है। छत्तीसगढ़ की जनता और हमारे 40 लाख निष्ठावान कार्यकर्ता 11 सीटों के रूप में इस चुनाव में मोदी को अपना पूर्ण समर्थन और सहयोग देने वाले हैं।
शिवरतन शर्मा ने कहा :- भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक व पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ प्रवास होगा।
लोकसभा चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से 37 कमेटियों का गठन किया गया है। चुनाव सुचारू रूप से संचालित करने के लिए चुनाव प्रबंधन संयोजक व सह प्रबंधकों की नियुक्ति हो चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी के 10 वर्ष के एवं भाजपा की प्रदेश सरकार के 3 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में तीन-तीन प्रचार रथ चलेंगे।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, रामू जगदीश रोहरा ,प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता, नलिनेश ठोकने प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी और मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी उपस्थित थे।

