लवनडमरु

डमरू गांव की सड़क बदहाल, हादसों का डर — जिम्मेदारों की अनदेखी से ग्रामीण नाराज़

( रॉकी साहू लवन ) विकासखण्ड बलौदा बाजार अंतर्गत ग्राम डमरू में लगातार बारिश के चलते सड़क की हालत बदतर हो गई है। गांव की प्रमुख सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन बेहद कठिन हो गया है। हालात ऐसे हैं कि स्कूली छात्र-छात्राएँ बस्ते सहित इन गड्ढों में गिर चुके हैं। वहीं, कई मोटरसाइकिल सवार भी दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।

गांव की दशहरा मैदान से लेकर हाई स्कूल रोड, सुभाष चौक से नयापारा रोड और बाजार चौक से बूढ़ा तालाब तक की सड़कें पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। जलभराव के कारण गांव में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी महामारियों का खतरा मंडरा रहा है।

इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्र के जनपद सदस्य श्रीमती प्रमिला साहू, सरपंच बंसीलाल साहू एवं उप सरपंच विक्रम साहू ने संयुक्त रूप से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रशासन को अवगत कराया है। उन्होंने चेताया है कि यदि समय रहते सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों के अनुसार, लटुवा से ताराशिव तक सड़क निर्माण के लिए बजट तो स्वीकृत हो चुका है, मगर निर्माण कार्य कब प्रारंभ होगा, इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है। लोगों में प्रशासन और विभाग की उदासीनता को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क सुधार कार्य प्रारंभ करने की मांग की है, ताकि बच्चों व आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button