ग्राम खपरी में रोड किनारे स्थित महाकाली मंदिर में महाप्रसाद का आयोजन, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

डोमार साहू (गिधपुरी) – ग्राम खपरी के मुख्य मार्ग (रोड किनारे) पर स्थित प्रसिद्ध महाकाली मंदिर में भव्य महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और महाप्रसाद ग्रहण किया।

रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। समिति के सदस्यों द्वारा महाकाली माता का विशेष श्रृंगार कर महाआरती की गई। इसके पश्चात दोपहर से महाप्रसाद (भंडारा) का वितरण शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा।
आस-पास के क्षेत्रों और ग्राम खपरी के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर पूरी श्रद्धा के साथ महाप्रसाद पाया। मंदिर समिति के सेवादारों ने व्यवस्था संभालते हुए सभी भक्तों को सुगमता से दर्शन और प्रसाद उपलब्ध कराया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि रोड किनारे विराजे इस महाकाली मंदिर में लोगों की गहरी आस्था है। यहां आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूरी होती है। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर उत्सव समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।



