लवन में मां महामाया के दरबार में प्रज्वलित हुए 4765 तेल और 360 घी के ज्योत, पंचमी पर मां स्कंदमाता का दिव्य श्रृंगार

लवन – नगर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां मां महामाया मंदिर में पंचमी के पावन अवसर पर मां स्कंदमाता का मनमोहक एवं दिव्य श्रृंगार किया गया। माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मां महामाया के दरबार में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के प्रतीक स्वरूप 4765 तेल के ज्योत एवं 360 घी के ज्योत प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है। मां स्कंदमाता को संतान सुख, ममता और कल्याण की देवी के रूप में पूजा जाता है। मंदिर में प्रज्वलित हजारों ज्योतों और माता के अलौकिक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
जय मां महामाया के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।



