प्रथम चरण बस्तर में कड़ी सुरक्षा के बीच 67 % से अधिक मतदान

छत्तीसगढ़ के एकमात्र बस्तर लोकसभा सीट पर 67 % मतदान के साथ बस्तर ने नक्सलतंत्र को धत्ता दिखाते हुए लोकतंत्र को जिताने में पूरी ताकत झोंक दी। सूर्य की तपिश से 42 डि.सेलशयीयस पर जा चुका पारा भी मतदाताओं के उत्साह से उत्पन्न लोकतंत्र के सूर्य के तेज को कम नहीं कर सका। शहर से लेकर गांव तक बस्तर में लोकतंत्र महापर्व में मतदाताओं ने सहभागिता दिखाकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने कोई कमी नहीं रखी।
कांकेर जिले के छोटेबेठिया में नक्सलियों के उत्तर बस्तर डिवीजन के परतापुर एरिया कमेटी के 29 नक्सलियों को मार गिराने व बीजापुर में पश्चिम बस्तर डिवीजन के गढ़ नेंड्रा व कोरचोली में गंगालूर एरिया कमेटी के कंपनी नंबर दो के साथ हुए मुठभेड़ में 13 नक्सलियों को ढेर करने की घटना ने ग्रामीणों के मन में बैठे नक्सली भय को समाप्त कर दिया। नक्सलगढ़ में सुरक्षा बल पर भरोसा बढ़ा है और लंबे समय से चुनाव के दौरान घर में दुबके रहने वाले ग्रामीणों ने इस बार खुलकर लोकतंत्र पर भरोसा जताया है।
इस बार वोटिंग में महिलाओं का दिखा उत्साह
इस बार चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों में महिलाओं में पुरुषों की तुलना में ज्यादा उत्साह दिखा। महिलाएं सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर कतार में नजर आईं। बस्तर में कुल 14 लाख 72 हजार 207 वोटर हैं। जिनमें महिलाओं की संख्या 7 लाख 71 हजार 676 है। वहीं पुरुषों की संख्या 7 लाख 76 है। पुरुषों के मुकाबले यहां शुरू से महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा रही।