ग्राम पंचायत मलपुरी में धड़ल्ले से हो रही पेड़ों की अवैध कटाई, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

डोमार साहू ( गिधपुरी) – मलपुरी ग्राम पंचायत मलपुरी स्थित मां डोंगर देवी नदी के किनारे और कक्ष क्रमांक 38 के आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से पेड़ों की अंधाधुंध कटाई जारी है। लगातार हो रहे इस पर्यावरण दोहन से स्थानीय ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।ग्रामीण रूपेंद्र नायक ने इस गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए बताया कि यदि पेड़ों की कटाई इसी रफ्तार से चलती रही, तो आने वाले समय में इस क्षेत्र में एक भी पेड़ जीवित नहीं बचेगा। नदी के किनारे हो रही इस कटाई से न केवल हरियाली खत्म हो रही है, बल्कि इससे जल स्तर गिरने और मिट्टी के कटाव का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लगातार इस कटाई का विरोध कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। रूपेंद्र नायक और अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस अवैध कटाई पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाली पीढ़ियों को भीषण गर्मी और पर्यावरणीय संकट का सामना करना पड़ेगा।स्थानीय निवासियों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में वृक्षारोपण को बढ़ावा देने की मांग की है।

