
भाटापारा- छल एवं धोखाधड़ी करते हुए 3,07,190 रुपए की राशि गबन करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रार्थी गंगाधर पटेल शाखा प्रबंधक स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड शाखा भाटापारा ने थाना भाटापारा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि शाखा में लोन ऑफिसर के रूप में मनीष कुमार प्रधान 29 जुनाई 2022 से कार्यरत था। मनीष कुमार प्रधान द्वारा कंपनी के 41 महिला ग्राहकों के नाम से कुल 3,07,190 रुपए की किस्त को ग्राहकों से प्राप्त कर लोन कार्ड में प्राप्त करने का हस्ताक्षर करते हुए उपरोक्त ग्राहकों की राशि को स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल शाखा भाटापारा में जमा नहीं किया गया। आरोपी द्वारा कंपनी के साथ छल एवं धोखाधड़ी करते हुए उक्त राशि का गबन कर फरार हो गया था। इस पर आरोपी के विरुद्ध थाना भाटापारा शहर में धारा 409 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
भाटापारा शहर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष कुमार प्रधान 26 साल निवासी ग्राम सीतापुर पोस्ट रासोड़ा थाना बसना को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया, जिसमें आरोपी द्वारा कंपनी के साथ धोखाधड़ी करते हुए महिला ग्राहकों का उक्त राशि गबन करना स्वीकार किया गया। प्रकरण में 3 जून को आरोपी मनीष कुमार प्रधान को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।



