जांजगीर चंपा

जांजगीर-चांपा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब: कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज का भव्य आगमन, शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा

(कुलेश्वर साहू लवन) – छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह में रविवार, 13 सितंबर को देश के सुप्रसिद्ध कथावाचक और संत पूज्य श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज का अलौकिक आगमन हुआ। उनके यहां पहुंचते ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय और ‘राधे-राधे’ की गूंज से सराबोर हो गया। बम्हनीडीह में आयोजित सात दिवसीय भव्य संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के पहले दिन श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 सितंबर से 19 सितंबर तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन महाराज श्री ने अपने अनूठे और सरल अंदाज में कथा का शुभारंभ किया। उनके स्वागत के लिए सुबह से ही पांडाल और आसपास के इलाकों में हजारों की संख्या में दूर-दराज से पहुंचे महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु मौजूद थे। बम्हनीडीह पहुंचने पर स्थानीय आयोजकों और गणमान्य नागरिकों ने पूरी श्रद्धा के साथ महाराज जी का स्वागत किया।

प्रथम दिवस की कथा का रसपान कराते हुए पूज्य अनिरुद्धाचार्य जी ने कहा कि कलियुग में ईश्वर प्राप्ति और मन की शांति का सबसे सरल मार्ग भगवान की कथा और उनका स्मरण करना है। उन्होंने भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जीवन में संस्कारों और सनातन धर्म के मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया। महाराज जी के ओजस्वी वचनों और मधुर भजनों को सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने लगे। इस आयोजन से पूरे जांजगीर-चांपा जिले में इन दिनों दीपावली जैसा पावन और उत्सव का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button