
कसडोल – साइबर सेल बलौदाबाजार एवं थाना राजादेवरी की पुलिस टीम द्वारा मोटरसायकल चोरी करने वाले एक चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 16 मोटर सायकल बरामद किया गया है। आरोपियों द्वारा जिला बलौदाबाजार-भाटापारा सहित रायपुर, महासमुंद, धमतरी के विभिन्न स्थानों से सिलसिलेवार मोटरसायकल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध थाना राजादेवरी में धारा 331(4), 305 बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण में आरोपियों खिरोद डडसेना 36 साल निवासी ग्राम रीकोकला थाना राजादेवरी, कीर्तन डडसेना 49 साल निवासी ग्राम रिकोकला वर्तमान निवासी बोरिया खुर्द रायपुर जिला रायपुर, जगेंद्र यादव 30 वर्ष निवासी लोहारपाथरा थाना भखारा जिला धमतरी को हिरासत में लेकर पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से विस्तृत पूछताछ किया गया। जिसमें यह बात सामने आई कि तीनों आरोपी एक शातिर गिरोह की तरह काम करते थे। जिसमें मोटर सायकल चोरी कर उसे पहले छिपाकर रख देते थे तथा ग्राहक मिलने पर उसे कम दाम में बेच देते थे। एक आरोपी खिरोद डडसेना रोजी मजदूरी एवं बोरवेल का काम करता है तथा चोरी की मोटर साइयकल को अपने घर ग्राम रीकोकला में छुपा कर रखता था।
इसी प्रकार दूसरा आरोपी कीर्तन डडसेना रायपुर मोती नगर में इलेक्ट्रॉनिक शॉप एवं रिपेयरिंग का दुकान खोल कर रखा है तथा खिरोद डडसेना एवं तीसरे आरोपी जगेंद्र यादव के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों से मोटर सायकल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। तीसरा आरोपी जगेंद्र यादव जिला धमतरी के रहने वाला है तथा रोजी मजदूरी का काम करता है। रोजी मजदूरी करने के लिए रायपुर आना-जाना करता है। इसी दौरान इसकी जान पहचान दोनों आरोपियों से हुई तथा यह भी दोनों आरोपियों के साथ मिलकर मोटर सायकल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगा। तीनों आरोपी मिलकर पैसा कमाने के लिए मोटरसायकल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे तथा कम दामों में मोटरसाइकिल को बेच देते थे। प्रकरण में तीनों आरोपियों को गुरूवार को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
