बलौदाबाजार

एसबीआई सम्मान कार्यक्रम से शहीद वीर नारायण सिंह के गांव सोनाखान में महिलाओं की भागीदारी और आजीविका में बढ़ोतरी

सोनाखान – शहीद वीर नारायण सिंह के गांव सोनाखान में महिलाओं की भागीदारी और उनकी आजीविका को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिला समूहों ने गांव में जल, स्वच्छता और सफाई को बढ़ावा देने के लिए सार्वजनिक शौचालय, वॉटर फिल्टर तथा कचरा संग्रहण जैसी जिम्मेदारियां संभाली हैं। इसके साथ ही महिलाएं अपने कौशल को बढ़ाते हुए सिलाई, कंप्यूटर प्रशिक्षण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही हैं।

प्रेरणा केंद्र से सिलाई कार्य द्वारा 1.25 लाख रुपये की आय
महिलाओं को संगठित करने और उनकी दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से गांव में प्रेरणा केंद्र प्रारंभ किया गया है। इस केंद्र में 75 महिलाओं और किशोरियों को सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं ने अपने स्तर पर सिलाई कार्य शुरू किया। वर्तमान में लगभग 60 महिलाएं घर के कपड़ों सहित बाहर के कपड़े भी सिल रही हैं।

इस कार्य से अब तक लगभग ₹1,25,200 की आय अर्जित की जा चुकी है। पहले ये महिलाएं रोजगार के अभाव में घर पर ही रहती थीं, लेकिन प्रेरणा केंद्र के माध्यम से अब वे रोजगार से जुड़ गई हैं। महिलाएं ब्लाउज, सलवार-सूट, पिको-फॉल और कपड़ों की मरम्मत जैसे कार्य कर रही हैं।

युवा प्रशिक्षण केंद्र से 60 बालिकाएं हुईं प्रशिक्षित
युवाओं को संगठित करने, शारीरिक प्रशिक्षण देने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के माध्यम से रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से शहीद वीर नारायण सिंह युवा प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई है। इस केंद्र में अब तक 60 से अधिक बालिकाएं प्रशिक्षित हो चुकी हैं। इनमें से कई बालिकाओं ने जिला और राज्य स्तर के खेलों में भी भाग लिया है।

प्रशिक्षण प्राप्त युवा-युवतियां अपनी पढ़ाई और तैयारी के साथ गांव के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। सरकारी योजनाओं के अन्तर्गत गरीबों का पंजीयन, पंचायत में उपस्थित हो कर पानी, स्वच्छता, कृ​षि बीज के विषय रखना। इन युवाओं द्वारा ही गांव का पर्यटन प्रबंधन व युवा प्रशिक्षण केन्द्र संचालित किया जा रहा है।

कंप्यूटर शिक्षा से 220 बालिकाएं लाभान्वित
बालिकाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए कंप्यूटर शिक्षा प्रदान की जा रही है। पिछले दो वर्षों में 220 से अधिक बालिकाएं कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं। यह प्रशिक्षण तीन माह की अवधि का होता है।

गर्ल्स कॉमन रूम से 150 बालिकाओं को सुविधा
किशोरी बालिकाओं को माहवारी के दौरान सुविधा उपलब्ध कराने और आपसी संवाद व परामर्श के लिए उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गर्ल्स कॉमन रूम विकसित किया गया है। इस सुविधा से लगभग 150 बालिकाएं लाभान्वित हो रही हैं। इसके माध्यम से बालिकाएं आपस में संवाद कर माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर रही हैं।

इस प्रकार सोनाखान में महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शहीद वीर नारायण सिंह अपने समय में महिलाओं के सम्मान और उनके विकास के लिए कार्य करते रहे थे। उसी प्रेरणा से आज भी यहां महिलाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।

एसबीआई फाउंडेशन का सहयोग
एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से “एसबीआई सम्मान – राष्ट्रीय नायकों को श्रद्धांजलि” कार्यक्रम के अंतर्गत
समर्थन – सेंटर फॉर डेवलपमेंट सपोर्ट स्थानीय स्वशासन और जिला प्रशासन के साथ मिलकर महिला नेतृत्व विकास, सिलाई प्रशिक्षण, कंप्यूटर प्रशिक्षण, रोजगार कौशल, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ाव तथा पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button