
वाराणसी – काशी में खेली जाने वाली मसान होली को चिता भस्म होली के नाम से भी जाना जाता है। चिता की राख से होली खेलने की परंपरा कई वर्षों पुरानी है। यह होली देवों के देव महादेव को समर्पित है। मसान की होली को मृत्यु पर विजय का प्रतीक माना गया है।
धार्मिक पौराणिक मन्याताओ के अनुसार भगवान भोलेनाथ ने यमराज को हराने के बाद चिता की राख से होली खेली थी। तभी से इस दिन को यादगार बनाने के लिए प्रत्येक वर्ष मसान होली खेली जाती है। यह उत्सव 2 दिन तक मनाया जाता है। पहले दिन लोग चिता की राख को एकत्रित करते हैं और इसके दूसरे दिन होली खेलते हैं।
होली त्योहार को देशभर में कई तरीकों से मनाया जाता है। मथुरा की होली के अलावा काशी की मसान होली भी बेहद प्रसिद्ध है। काशी में फाल्गुन महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी के अगले दिन हर साल मसान होली का उत्सव मनाया जाता है। इस होली में लोग अधिक संख्या में शामिल होते हैं।

इस बार मसान होली 21 मार्च को है। इस दिन लोग चिता की राख से होली खेलते हैं और देवों के देव महादेव की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं।
वाराणसी में रंग और गुलाल के साथ श्मशान में चिता की भस्म से भी होली खेली जाती है. जलती चिताओं के बीच होली का ये अद्भुत और अनोखा रंग पूरे दुनिया में सिर्फ काशी में ही देखने को मिलता है. वाराणसी के महाश्मशान हरिश्चन्द्र और मणिकर्णिका घाट पर हर साल ये होली खेली जाती है.