गिधपुरी

सुनील दोबारा बने जिला साहू संघ अध्यक्ष, 95 मतों से दर्ज की जीत

(डोमार साहू गिधपुरी)। जिला साहू संघ बलौदाबाजार का बहुप्रतीक्षित चुनाव शुक्रवार को साहू छात्रावास भवन में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस चुनाव में अध्यक्ष, पुरुष उपाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, पुरुष संगठन सचिव और महिला संगठन सचिव—कुल पाँच अहम पदों के लिए मतदान हुआ। सभी पदों पर दो-दो प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होने से चुनाव बेहद रोचक रहा। कुल 665 मतदाताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर अपने पसंदीदा प्रत्याशियों को समर्थन दिया।

अध्यक्ष पद के लिए सुनील साहू एवं महेंद्र मोनू साहू के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मतगणना के बाद सुनील साहू ने 373मतों के साथ स्पष्ट बढ़त हासिल की, जबकि महेंद्र मोनू साहू को 278मत मिले। इस प्रकार 95मतों के बड़े अंतर से सुनील साहू ने दूसरी बार अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और माहौल जीत के नारों से गूंज उठा।

पुरुष उपाध्यक्ष पद के लिए राजाराम साहू ने 383 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि लेखराम साहू को 266 मत मिले। राजाराम साहू की यह जीत उनके सामाजिक कार्यों और संगठन में सक्रिय भूमिका का परिणाम मानी जा रही है। महिला उपाध्यक्ष पद के चुनाव में संध्या राजेश साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 407 मत हासिल किए। सत्यभामा साहू को 248 मत प्राप्त हुए। सुशील साहू ने पुरुष संगठन सचिव पद में 374 मत पाकर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कमलेश साहू को 278 मत मिले। सुशील साहू की जीत को संगठन में उनकी निष्ठा और कार्यकुशलता का सम्मान माना जा रहा है। महिला संगठन सचिव पद के लिए अनुपा साहू ने 416 मत प्राप्त करते हुए बड़ी बढ़त हासिल की। अनुसूइया साहू को 234 मत मिले।

जीत के बाद खुशी का माहौल, समर्थकों ने मनाया जश्न
परिणाम घोषित होते ही सुनील साहू एवं अन्य विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। समर्थकों ने विजेताओं को फूलमाला पहनाकर, गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दीं।

सुनील साहू ने जताया आभार

जीत के बाद सुनील साहू ने समाज के सभी मतदाताओं, वरिष्ठों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत उनके पिछले कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों और संगठन को मजबूत बनाने के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले कार्यकाल में भी सामाजिक उत्थान, संगठन की मजबूती और नई योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला साहू संघ का यह चुनाव समाज में नई ऊर्जा का संचार कर गया है। नए पदाधिकारियों के चयन के साथ संगठन की आने वाली गतिविधियों को लेकर समाज में उत्साह और उम्मीद की लहर देखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button