रिपब्लिक पार्टी आफ इंडिया का छत्तीसगढ़ में भाजपा को पूर्ण समर्थन

रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को लिखे अपने पत्र में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद रामदास आठवले ने आगामी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत छत्तीसगढ़ में सभी लोकसभा सीटों पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया की ओर से BJP प्रत्याशियों को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। आठवले ने कहा है कि डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर की विचारधारा को अपनाकर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) एनडीए में मित्रवत पार्टी के रूप में काम कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को भेजे अपने पत्र में आठवले ने कहा है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश प्रगति करके आगे बढ़ रहा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, और सबका प्रयास इस घोषणा को सभी समुदाय, वर्ग,जाति व धर्म के लोग अपना रहे हैं। काँग्रेस के शासनकाल की तुलना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल स्वर्णकाल माना जा रहा है। इसलिए BJP को केंद्र में सरकार बनाने के लिए रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) छत्तीसगढ़ राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं करेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आठवले का पत्र लेकर आरपीआई (आठवले) के प्रदेश प्रभारी अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव से भेंट करके यह पत्र उन्हें सौंपा। उल्लेखनीय है कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) ने पिछले विधानसभा चुनाव में भी छत्तीसगढ़ की सभी 90 विस क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों को अपना पूर्ण समर्थन प्रदान किया था।