बलौदाबाजार

बलौदाबाजार जिले के बगैर आवेदन गायब शिक्षकों को नोटिस जारी

शिकायतों के मद्देनजर बीईओ ने विभिन्न शालाओं का किया औचक निरीक्षण

बलौदा बाजार- बलौदा बाजार जिला के शासकीय स्कूलों में शिक्षक-शिक्षिकाओं के शाला प्रारंभ होने के निर्धारित समय से काफी विलंब से शाला पहुंचने, बगैर आवेदन जमा किए अवकाश पर चले जाने, नियमित रूप से कक्षाएं संचालित नहीं करने, निर्धारित समय के पूर्व ही शाला में छुट्टी देकर शाला बंद कर दिए जाने समेत अन्य लापरवाहियों की लगातार शिकायत मिलने पर शुक्रवार को बीईओ राजेन्द्र टण्डन के द्वारा विभिन्न शालाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान देर से शाला पहुंचे, बगैर आवेदन के ही शाला से गायब शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी बलौदा बाजार राजेन्द्र टण्डन एवं सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कैलाश कुमार साहू के द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला खटियापाटी, पूर्व माध्यमिक शाला खटियापाटी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खटियापाटी, शासकीय हाईस्कूल बिटकुली एवं शासकीय हाईस्कूल करदा का औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खटियापाटी में हेमराम ध्रुव प्रभारी प्राचार्य, रवि कुमार साहू व्याख्याता, गजाधर प्रसाद ध्रुव व्याख्याता, रेवती नेताम सहायक ग्रेड 3, मनीशा विश्वास सहायक ग्रेड 3 अनुपस्थित पाए गए तथा छत्रपाल वर्मा व्याख्याता, भुनेश्वर पटेल व्याख्याता, दामिनी बेहरा व्याख्याता, शकुन्तला ध्रुव व्याख्याता, विजय लक्ष्मी पटेल व्याख्याता विलम्ब से उपस्थित हुए। शासकीय प्राथमिक शाला खटियापाटी में बल्लर कुर्रे सहायक शिक्षक, अनिता भारद्वाज सहायक शिक्षक तथा सोहन लाल धीवर सहायक शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इसी तरह पूर्व माध्यमिक शाला खटियापाटी का निरीक्षण प्रातः 10 बजे शाला बंद पाई गई। व्ही.पी. बारले प्रधान पाठक, नरसिंग कुमार साहू उ.व.शि, एस. के बंजारे शिक्षक एलबी, एच. भंडारी शिक्षक एलबी विलम्ब से उपस्थित हुए। पी. आर. कोसले बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। भावन साहू ऑफ लाईन आवेदन के द्वारा आकस्मिक अवकाश पर जाना पाया गया, जबकि शासन के निर्देशानुसार आनलाईन आवेदन ही मान्य किया जा रहा है। शासकीय हाई स्कूल बिटकुली में निरीक्षण के दौरान शारीरिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों का खण्ड चिकित्सा अधिकारी अभिजीत बनर्जी के माध्यम से स्वास्थ्य काउन्सलिंग कराया गया। शासकीय हाई स्कूल करदा के निरीक्षण पश्चात प्रभारी प्राचार्य को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए सफाई कर्मी के माध्यम से शाला प्रांगण की साफ-सफाई कराने हेतु निर्देशित किया गया। विलम्ब से शाला आने वाले तथा अनुपस्थित सभी शिक्षकों एवं देरी से शाला खुलने वाले संस्था प्रमुख को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी के द्वारा सभी शिक्षकों को निर्धारित समय में शाला आने, प्रतिदिवस शिक्षक दैनंदिनी संधारित करने, परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण की तैयारी, अपार आईडी जनरेट करने एवं जाति, आय तथा निवास प्रमाण पत्र बनाने हेतु निर्देशित किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button