
महिलाओं ने कहा शराब से बढ़ेगा अपराध और असुरक्षा का माहौल
(डोमार साहू भरूवाडीह)गिधपुरी में प्रस्तावित सरकारी शराब दुकान खोलने के खिलाफ ग्रामीणों और आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामवासियों का कहना है कि यदि गिधपुरी से आरंग मार्ग पर शराब दुकान खोली जाती है, तो क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों, अपराधों और महिलाओं की असुरक्षा में वृद्धि होगी।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि प्रस्तावित स्थान के पास दीदी जीनियस पब्लिक स्कूल, सरकारी हॉस्पिटल, बैंक, मिडिल स्कूल और मां डोंगरदेवी मंदिर स्थित हैं। ऐसे में शराब दुकान खुलने से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, मरीजों, बैंक में आने वाली महिलाओं और मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होगी।
वटगन समूह की पूर्णिमा साहू ने कहा कि वटगन के आस-पास आठ महिला स्वसहायता समूह हैं, जिनका बैंक में रोज़ाना आना-जाना होता है। शराब दुकान खुलने से महिलाओं को आने-जाने में डर और असुरक्षा का माहौल रहेगा।
विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। उन्होंने हाथों में तख्तियाँ लेकर शराब दुकान की प्रक्रिया को रोकने की मांग की। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन भी सौंपा और चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मांग नहीं मानी, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में ग्राम पंचायत गिधपुरी की सरपंच कोशलेश साहू के साथ मलर राम साहू, दीपक सिंह साहू, नंदलाल वर्मा, तुकेश्वर साहू, हीरालाल साहू, कमल नारायण साहू, देवनाथ कन्नौजे, घनश्याम नामदेव, भानूप्रताप कन्नौजे, नुतेश्वरी साहू, मधु साहू, मिथलेश साहू, ललिता वर्मा, उर्मिला बाई साहू, जीत रानी साहू, चित्ररेखा साहू, सुखमत यादव, इंदिरा यादव, निष्ठा, तथा भरूवाडीह से धनेश्वरी साहू और पूर्णिमा साहू सहित ग्रामीण प्रमुख रूप से शामिल हुईं।
ग्रामीणों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम गिधपुरी में प्रस्तावित शराब दुकान की निविदा को तुरंत रद्द किया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।




