बलौदाबाजारलाहोद

गूंजा पैकरा चयनित, कोलकाता में विज्ञान अनुसंधान यात्रा में भाग लेंगी – विद्यालय के विकास में प्राचार्य कौशिक मुनि त्रिपाठी का योगदान सराहनीय

लाहोद! स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, लाहोद की प्रतिभाशाली छात्रा गूंजा पैकरा को राज्य स्तरीय विज्ञान अनुसंधान यात्रा क्विज प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण चयनित किया गया है। चयनित प्रतिभागियों को 13 सितम्बर 2025 से 18 सितम्बर 2025 तक कोलकाता भ्रमण पर भेजा जाएगा। यह विशेष आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, छत्तीसगढ़, शंकर नगर, रायपुर द्वारा आयोजित किया जा रहा है। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को एम.पी. बिरला प्लेनेटोरियम, विज्ञान केंद्र, अनुसंधान केंद्र, बिरला म्यूजियम इत्यादि का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे विज्ञान के विभिन्न क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान अर्जित कर सकें और शोध तथा नवाचार की दिशा में आगे बढ़ सकें। विद्यालय के प्राचार्य कौशिक मुनि त्रिपाठी ने बताया कि गूंजा पैकरा एक होनहार छात्रा हैं, जिनमें गहरा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हो रहा है। उनका सपना भविष्य में एक महान वैज्ञानिक बनने का है। प्राचार्य त्रिपाठी ने आगे बताया कि यह उपलब्धि केवल गूंजा की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि विज्ञान एवं गणित शिक्षकों सुमनलाल पटेल, बसंत कुमार साहू , समीर साहू एवं आयुषी चंद्राकर के साथ-साथ सम्पूर्ण विद्यालय की वैज्ञानिक सोच और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कर्ष का प्रमाण है।
प्राचार्य त्रिपाठी ने अपने पदभार में आते ही विद्यालय को एक समर्पित और प्रेरणादायक शिक्षण संस्थान बनाने का बीड़ा उठाया। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक स्तर को ऊँचा उठाने हेतु विभिन्न पहल की हैं। विशेष रूप से विज्ञान शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने नियमित रूप से रोबोटिक्स, एयरोमॉडलिंग वर्कशॉप्स, प्रयोगशाला आधारित कार्यशालाएँ, साइंस फेयर प्रतियोगिताएँ आदि आयोजित कराकर विद्यार्थियों को विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया। उनका प्रयास रहा है कि प्रत्येक छात्र-छात्रा में वैज्ञानिक सोच और समस्याओं के समाधान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण उत्पन्न हो। प्राचार्य त्रिपाठी ने विद्यालय परिसर को आधुनिक शिक्षण उपकरणों से लैस किया, ताकि विद्यार्थी डिजिटल शिक्षा, प्रोजेक्टर आधारित शिक्षण विधि, और स्मार्ट क्लासेज के माध्यम से सुलभ ज्ञान अर्जित कर सकें। उन्होंने विद्यार्थी मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया, ताकि छात्र-छात्राएं अपनी चिंताओं को बेझिझक व्यक्त कर सकें और शिक्षण में पूरी रुचि बनाए रखें। गूंजा पैकरा के माता-पिता ने इस चयन पर अत्यधिक प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने प्राचार्य कौशिक मुनि त्रिपाठी एवं पूरे शिक्षकों के प्रयासों को धन्यवाद देते हुए कहा कि विद्यालय का सकारात्मक वातावरण ही उनके बच्चे को इस मुकाम तक पहुंचाने में सहायक रहा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अनुसंधान यात्रा गूंजा के भविष्य को नयी ऊँचाईयों तक पहुंचाएगी। इस अवसर पर विद्यालय के अन्य शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय शिक्षा अधिकारियों ने भी प्राचार्य त्रिपाठी के नेतृत्व और उनके द्वारा किए गए समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्हें एक दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता बताया गया, जिन्होंने केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा नहीं बल्कि व्यावहारिक शिक्षा व वैज्ञानिक सोच के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
प्राचार्य कौशिक मुनि त्रिपाठी के प्रयासों से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, लाहोद में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की समग्र विकास दर में लगातार सुधार हो रहा है। उनका मानना है कि शिक्षा केवल सिखाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में नवाचार, अनुसंधान और समाज के लिए सोच विकसित करना आवश्यक है।यह वैज्ञानिक अनुसंधान यात्रा विद्यार्थियों को नए दृष्टिकोण से सोचने, देश-विदेश के वैज्ञानिक उपलब्धियों को जानने और अपने सपनों को साकार करने हेतु प्रेरित करेगी। साथ ही राज्य व देश के भविष्य वैज्ञानिक बनने के मार्ग में यह एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से गूंजा पैकरा के साथ-साथ निधि साहू , सेजेस, कसडोल का भी चयन अनुसंधान यात्रा के लिए हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button