लवन

ग्राम पंचायत वटगन में अमृत सरोवर के अंतर्गत रोजगार गारंटी कार्य प्रगति पर, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

डोमार साहू ( गिधपुरी) ग्राम पंचायत वटगन में शासन की महत्वाकांक्षी योजना अमृत सरोवर के अंतर्गत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कार्य तेजी से प्रगति पर है। योजना के अंतर्गत अमृत सरोवर का गहरीकरण एवं साफ-सफाई कार्य कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को एक ओर रोजगार उपलब्ध हो रहा है, वहीं दूसरी ओर भविष्य के लिए स्थायी जलस्रोत का विकास भी किया जा रहा है।
अमृत सरोवर में चल रहे इस कार्य से जल संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही ग्रामीण मजदूरों को अपने ही गांव में रोजगार मिलने से उन्हें बाहर पलायन नहीं करना पड़ रहा है। रोजगार गारंटी का कार्य प्रारंभ होने के बाद क्षेत्र में पलायन में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। पहले रोज़गार की तलाश में शहरों की ओर जाने को मजबूर ग्रामीण अब गांव में ही काम पाकर संतोष व्यक्त कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत वटगन में संचालित इस राहत कार्य पर पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। सरपंच एवं पंचायत सदस्यों द्वारा समय-समय पर कार्यस्थल का निरीक्षण कर गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं श्रमिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि योजना का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंच सके।
ग्रामीणों का कहना है कि अमृत सरोवर के गहरीकरण से आने वाले समय में जलस्तर में सुधार होगा, जिससे पशुपालन, कृषि सिंचाई एवं दैनिक उपयोग के लिए पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होगी। साथ ही साफ-सफाई कार्य से गांव की स्वच्छता एवं सुंदरता में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप हर जरूरतमंद परिवार को रोजगार उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। यह योजना न केवल ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि गांव के समग्र एवं स्थायी विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कुल मिलाकर ग्राम पंचायत वटगन में अमृत सरोवर के अंतर्गत चल रहा रोजगार गारंटी कार्य जनता के लिए राहत, सुविधा और विकास का मजबूत आधार बनकर उभर रहा है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button