ग्राम भरूवाडीह में त्रिदिवसीय सत्संग का भव्य आगाज, कलश यात्रा और दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम

डोमार साहू (गिधपुरी)। ग्राम भरूवाडीह में आज से त्रिदिवसीय सत्संग कार्यक्रम का अत्यंत गरिमामय और भक्तिमय वातावरण में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिन मातृशक्ति की व्यापक भागीदारी देखने को मिली।
कलश यात्रा और दीप प्रज्वलन
सुबह गांव की माताओं और बहनों द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। भक्ति गीतों और जयकारों के साथ पूरा गांव धर्ममय हो गया। इसके पश्चात, साहेब भुवन ज्योति जी के कर-कमलों से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
भजन और प्रवचन
दोपहर के सत्र में आमीन माता द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे श्रोता भावविभोर हो गए। शाम 4 बजे से मुख्य प्रवचन सत्र में माता साहेब भुवन ज्योति ने सत्यनाम की महिमा का बखान किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में सत्यनाम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हुए इसका विस्तार से वर्णन किया और बताया कि कैसे सत्य का मार्ग ही जीवन के वास्तविक सुख का आधार है। उनके भजनों और वचनों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह ने आत्मिक शांति का अनुभव किया
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण उपस्थित रहे। आगामी दो दिनों तक सत्संग की यह अविरल धारा प्रवाहित होती रहेगी। वही आयोजन समिति ने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन सत्संग भजन और आध्यात्मिक प्रवचन होंगे जिसमें क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे



