
रायपुर – छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 1- 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और अधिक तेज महसूस होगी।
आज से 27 अप्रैल तक प्रदेश के मध्य हिस्सों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
राजधानी रायपुर में आज मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सावधानी जरूरी
भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने,हल्का भोजन खाने , सलाद, खीरा, खरबूज, तरबूज खाने की सलाह दी गई है, ताकि हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
12 से 3 बजे तक घर से बाहर न निकले।
टोपी, गमछा, छाता लेकर ही बाहर निकले




