
अक्षय तृतीया के मौके पर आज केदारनाथ धाम के कपाट सुबह 7 बजे भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं। इसी के साथ आज सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए और 12 बजकर 20 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट खुलेंगे। केदारनाथ मंदिर को 20 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। बाबा के दर्शन के लिए 22 लाख से अधिक श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं।
अक्षय तृतीया के मौके पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलते ही चारधाम यात्रा प्रारंभ हो गई है। छह महीने के शीतकालीन अवकाश के बाद श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह 7 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि विधान के साथ आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। भगवान केदारनाथजी की पंचमुखी डोली गुरुवार शाम सेना के बैंड की भक्तिमय जयघोष के साथ श्री केदारनाथ धाम पहुंची थी, इसके बाद आज सुबह से केदारनाथ भगवान भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ बदरीनाथ के कपाट आगामी 12 मई को खोलने की तैयारियां भी जोरों पर हैं।








