
बलौदा बाजार में संकट हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. यहां 13 समिति कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है.
जिला खाद्य अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार जिस सूची में कार्रवाई की गई है, उसमें कई विकासखंडों के समिति प्रबंधक और विक्रेता शामिल हैं. सिमगा समिति की प्रबंधक मंजुला शर्मा, खोखली समिति के प्रबंधक राकेश कुमार टंडन, धुर्रा बांधा समिति के प्रबंधक मूलचंद वर्मा, रोहांसी समिति के प्रबंधक धर्मेंद्र साहू और तिल्दा समिति प्रबंधक रामकुमार साहू को सेवा से बर्खास्त किया गया है. प्रशासन का कहना है कि इन सभी कर्मचारियों ने धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्य को बाधित किया, जिससे किसानों को संकट की स्थिति का सामना करना पड़ा.
इन समिति कर्मचारियों पर लगा गंभीर आरोप
इसी प्रकार कसडोल विकासखंड के अंतर्गत गिरौद समिति के विक्रेता नंद कुमार पटेल, हसुआ के विक्रेता गोकुल प्रसाद साहू, थरगांव के ललित साहू, कटगी के रामस्वरूप यादव, चिखली के खेलसिंग कैवर्त्य, कोसमसरा के विक्रेता अमित साहू, सरखोर के विक्रेता भीम साहू और लवन के विक्रेता रविकमल को भी बर्खास्त कर दिया गया है. प्रशासन ने इन कर्मचारियों पर किसानों को जानबूझकर परेशानी में डालने और कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया है.


