कौशिक मुनि त्रिपाठी को मिलेगा शिखर साहित्य सम्मान

लाहोद – जिला बलौदाबाजार – भाटापारा के लिए गर्व का विषय है कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, लाहोद के प्राचार्य श्री कौशिक मुनि त्रिपाठी को शिखर साहित्य अकादमी, छत्तीसगढ़ द्वारा राष्ट्रीय सम्मान समारोह के अंतर्गत शिखर साहित्य सम्मान 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह समारोह आगामी 01 सितंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा।
त्रिपाठी को यह सम्मान हिंदी साहित्य के क्षेत्र में किए गए उनके अतुलनीय योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है। ज्ञात हो कि इसी वर्ष फरवरी माह में उन्हें विश्व प्रतिभा अंतरराष्ट्रीय सम्मान से भी नवाजा गया था।
कौशिक मुनि त्रिपाठी न केवल एक कुशल शिक्षक और शिक्षाविद हैं, बल्कि साहित्य के क्षेत्र में भी उनकी पहचान एक सशक्त रचनाकार के रूप में है। उनकी प्रमुख कृतियों में भावनाएं एवं अभिव्यक्तियां (2009), अनंत की ओर (2017) तथा मन के धागे (2020) , मैं सफर में हूं(2024) जैसी पुस्तकें शामिल हैं। इसके अलावा कुछ बातें अनकही, कवि के स्वर, प्रेम की अभिव्यक्ति, क्यूँ रचूँ संसार को?, हिंदी हैं हम जैसी रचनाएँ साहित्य जगत में सराही गई हैं।
हिंदी साहित्य की सेवा हेतु उन्हें अब तक अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें प्रमुख हैं – साहित्य श्री सम्मान, कर्मयोगी शिक्षक सम्मान, हिंदी साहित्य सेवा सम्मान, हिंदी काव्य रत्न मानद उपाधि सम्मान, हिंदी काव्य शिरोमणि मानद सम्मानोपाधि, नेपाल भारत मैत्री अंतरराष्ट्रीय सम्मान, विश्व हिंदी भूषण सम्मान, आशु काव्यश्री सम्मान आदि।
साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में त्रिपाठी के योगदान ने उन्हें न केवल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विशिष्ट पहचान दिलाई है।