गिरफ्तारी के बाद पुलिस दहशत में युवक की मौत, खैरी पंचायत को बार-बार बनाया जा रहा निशाना – कांग्रेस ने बनाई जांच समिति

गिधपुरी – ग्राम खैरी निवासी उमेंद्र बघेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, पलारी पुलिस ने उमेंद्र बघेल को अवैध महुआ शराब निर्माण के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जहां पुलिस की दहशत और प्रताड़ना से उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों को पुलिस द्वारा कोई जानकारी नहीं दी गई, यहां तक कि अंतिम दर्शन का मौका भी नहीं दिया गया।
गांव के लोगों ने आरोप लगाया है कि पलारी थाना द्वारा हमेशा खैरी पंचायत को ही निशाना बनाया जाता है। जब भी थाना प्रभारी बदलता है, गांव के निर्दोष लोगों को महुआ शराब के फर्जी मामलों में फंसाया जाता है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मृतक की पत्नी ने भावुक होकर बताया, मेरे पति निर्दोष थे। पुलिस ने उन्हें झूठे केस में फंसाया। उन्हें इतना मारा-पीटा गया कि उनकी जान चली गई। हमें किसी भी तरह की सूचना नहीं दी गई, ना ही अंतिम दर्शन करने दिया गया। अब हमें सिर्फ न्याय चाहिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है। समिति में पामगढ़ विधायक कमला हर्बनश, कसडोल विधायक संदीप साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा घृतलहरे, वरिष्ठ नेता सुनील महेश्वरी सहित अन्य सदस्य शामिल थे। जांच समिति ने खैरी पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की पूरी जानकारी ली।

कमला हर्बनश, विधायक पामगढ़ ने कहा, “मृतक के शरीर में कई जगह चोट के गंभीर निशान हैं। यह दर्शाता है कि पुलिस द्वारा अमानवीय व्यवहार किया गया। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
संदीप साहू, विधायक कसडोल ने कहा, यह सिर्फ एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि सिस्टम की नाकामी है। लगातार खैरी पंचायत को टारगेट करना बताता है कि पुलिस किस तरह से अपनी जवाबदेही से बच रही है। हम इस मामले को विधानसभा में भी उठाएंगे और न्याय दिलवाकर रहेंगे।
सुमित्रा घृतलहरे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, यह बेहद निंदनीय घटना है। एक निर्दोष व्यक्ति को पुलिसिया आतंक के कारण जान गंवानी पड़ी। यह मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है। हम उच्च अधिकारियों से बात करेंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।