अनंत अंबानी ने लालबागचा राजा को दान किया 15 करोड़ रुपये के 20 किलो सोने का मुकुट

गणेश चतुर्थी से पहले गुरुवार को मुंबई की सबसे लोकप्रिय गणेश प्रतिमा लालबागचा राजा का अनावरण किया गया। 10 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान भक्त लालबागचा राजा के दर्शन के लिए आते हैं।
लालबाग के राजा का सबसे बहुप्रतीक्षित फर्स्ट लुक गुरुवार शाम को आया सामने। इस मौके पर अनंत अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन द्वारा लालबाग के राजा को दान किया गया 20 किलो के सोने का मुकुट सबसे खास रहा।
सोने के इस मुकुट की कीमत करीब 15 करोड़ रुपये है। लालबागचा राजा की मूर्ति का अनावरण किया गया, जिसके बाद 20 किलो के सोने का मुकुट दान में दिया गया और लालबागचा राजा को पहनाया गया।

आज 7 सितंबर से शुरू होने वाले गणेश उत्सव के दौरान पूरे महाराष्ट्र में घरों और सार्वजनिक स्थानों पर मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जानी हैं।
अनंत अंबानी और पूरा अंबानी परिवार पिछले कई सालों से लालबागचा राजा मंडल से जुड़ा हुआ है और वे लालबागचा राजा की विसर्जन यात्रा में भी हिस्सा लेते हैं।
लालबागचा राजा मंडल के अध्यक्ष बालासाहेब कांबले ने कहा, “20 किलो सोने का मुकुट दान में मिला और लाया गया। पहली झलक के बाद राजा ने इसे पहना। अंबानी परिवार लंबे समय से मंडल से जुड़ा हुआ है और गणपति बप्पा के प्रति उनकी भक्ति देखकर हमें गर्व महसूस होता है।”
लालबागचा राजा अपनी प्रतिष्ठित गणेश मूर्ति के लिए प्रसिद्ध है, जिसका प्रबंधन लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल द्वारा किया जाता है, जिसकी स्थापना 1934 में पुतलाबाई चॉल में की गई थी।
80 वर्षों से अधिक समय से कांबली परिवार लालबागचा राजा गणपति की मूर्ति की देखभाल का काम संभाल रहा है।










