
रॉकी साहू लवन — क्षेत्र में बढ़ती गर्मी के बीच शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब लवन से करीब 5 किलोमीटर दूर ग्राम करदा में नहर के पास काम कर रही एक जेसीबी मशीन में अचानक आग लग गई। घटना दोपहर लगभग 12 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेसीबी चालक नहर के पास नियमित खुदाई कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान अचानक मशीन के इंजन हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। पहले तो चालक को तकनीकी खराबी का अंदेशा हुआ, लेकिन कुछ ही क्षणों में धुआं तेजी से बढ़ने लगा और आग की लपटें उठने लगीं।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने बिना देर किए जेसीबी से कूदकर अपनी जान बचाई। अगर वह कुछ सेकंड भी देर करता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और फायर ब्रिगेड की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक जेसीबी मशीन काफी हद तक जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण अत्यधिक गर्मी या इंजन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन मशीन को भारी नुकसान पहुंचा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में काम कर रहे अन्य मशीन चालकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है, खासकर गर्मी के मौसम में मशीनों की नियमित जांच और मेंटेनेंस पर जोर दिया जा रहा है।



