बलौदाबाजार

सैक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पहले हाई-टेक स्पोर्ट्स ग्राउंड का भव्य शुभारंभ

( रॉकी साहू ) बलौदा बाजार शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सैक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खेलों के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ गई है। विद्यालय परिसर में निर्मित पहले हाई-टेक बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स ग्राउंड का भव्य उद्घाटन इस रविवार को विद्यालय प्रबंधन की गरिमामयी उपस्थिति में मुख्य अतिथि संचित टोप्पो के कर-कमलों द्वारा किया गया।

यह स्पोर्ट्स ग्राउंड बलौदा बाजार नगर का मॉडर्न टेक्नोलॉजी आधारित बास्केटबॉल कोर्ट है, जिसे आईसीएसई मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है।

इस बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स ग्राउंड में बास्केटबॉल के साथ-साथ स्केटिंग, वॉलीबॉल एवं हैंडबॉल जैसी खेल सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए जूडो एवं कराटे जैसी आत्मरक्षा गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।

विद्यालय में 17 मार्च से प्रारंभ हुआ समर कैंप 30 मई तक संचालित रहेगा, जिसमें छात्र-छात्राएँ विभिन्न खेलों एवं गतिविधियों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह पहल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

विद्यालय की प्रिंसिपल सिस्टर शेरिन ने इस अवसर पर कहा—
“हमारा उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि हम अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह आधुनिक स्पोर्ट्स ग्राउंड बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगा। हमें पूर्ण विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी खेलों के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और नगर का नाम रोशन करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास एवं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है।

विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि यह नई सुविधा विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर भी प्रदान करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button