सक्ति में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने निकाली आक्रोश रैली, कांग्रेस-आरजेडी नेताओं का पुतला दहन

लवन, भारतीय जनता युवा मोर्चा सक्ती के नेतृत्व में मंगलवार को कचहरी चौक पर जिला स्तरीय आक्रोश रैली निकाली गई। बीते दिनों कांग्रेस-आरजेडी की तथाकथित “वोट अधिकार यात्रा” के मंच से देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की माताजी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा गया।
आक्रोश रैली के दौरान कांग्रेस एवं आरजेडी नेताओं के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह की अभद्र भाषा और अनुचित व्यवहार लोकतंत्र में अस्वीकार्य है। उन्होंने इस बयान की कड़ी निंदा की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री टिकेस्वर गाबेल, भाजपा जिला महामंत्री श्री दीपक अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राठौर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।