बलौदाबाजारगिधपुरी

रातभर दौड़ते ओवरलोड हाईवा, सुबह मॉर्निंग वॉक तक बंद

डोमार साहू (गिधपुरी)। पलारी क्षेत्र में अवैध रेत खनन और ओवरलोड हाईवा की बेलगाम आवाजाही ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे बन चुके हैं कि जिस हाईवे पर लोग सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते थे, अब उसी सड़क पर डर के कारण सन्नाटा पसरा रहता है। रातभर और तड़के सुबह तक तेज रफ्तार से दौड़ते रेत से भरे हाईवा लोगों में भय का माहौल बना रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार की रात तड़के करीब सुबह 4 बजे तक हाईवे पर सैकड़ों की संख्या में हाईवा दौड़ते हुए सड़क पर साफ नजर आए। इन सभी वाहनों में रेत भरी हुई थी और अधिकांश हाईवा ओवरलोड बताए जा रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से गुजरते इन भारी वाहनों के कारण सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि शाम ढलते ही रेत माफिया सक्रिय हो जाते हैं और नदी घाटों से अवैध रूप से निकाली गई रेत को लगातार हाईवा के माध्यम से सप्लाई किया जाता है। न तो तय क्षमता का पालन किया जा रहा है और न ही यातायात नियमों की कोई परवाह दिखाई दे रही है। कई हाईवा बिना नंबर प्लेट या ढंके बिना ही रेत लेकर दौड़ते नजर आते हैं।

सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिक अब सड़क पर निकलने से कतराने लगे हैं। लोगों का कहना है कि आए दिन होने वाली घटनाओं के कारण असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड हाईवा पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, नियमित जांच अभियान चलाया जाए और अवैध रेत खनन व परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि पलारी वटगन भवानीपुर गीदपुरी चिखली मार्ग फिर से सुरक्षित और सुगम बन सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button