पलारी

रेंगाडीह में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

पूर्व विधायक राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम हुआ भव्य
घोटिया (पलारी)- पलारी विकास खंड अंतर्गत ग्राम रेंगाडीह में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर पामगढ़ एवं जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
ज्ञान यज्ञ के दौरान समूचा ग्राम क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। वेद मंत्रों के उच्चारण, भागवत कथा के अमृतमय प्रसंगों एवं भजनों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर दाऊ महेंद्र अग्रवाल जी, प्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार कवि मीरअली मीर जी, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, रामलोचन दास जी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, संतजन एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का ग्रामवासियों द्वारा पारंपरिक रूप से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
पूर्व विधायक राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि “श्रीमद् भागवत महापुराण मानव जीवन को सही दिशा देने वाला महान ग्रंथ है। इसके उपदेश समाज में प्रेम, करुणा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।” उन्होंने ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों को समाज को जोड़ने वाला बताते हुए आयोजकों की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button