पलारीगिधपुरी

अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत रोज़ाना के रूट से दूर जाना परिजनों के लिए बना रहे

डोमार साहू ( गिधपुरी)बलौदा बाजार मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुसमी के पास सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे घटित हुआ। मृतक की पहचान घिरघोल निवासी 55 वर्षीय गणेश राम साहू के रूप में की गई है। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और कई सवालों के जवाब तलाश रहा है।
परिजनों के अनुसार, गणेश राम साहू रोज़ की तरह रात करीब आठ बजे भोजन करने के बाद साइकिल से टहलने निकले थे। उनका रोज़ का नियम था कि वे गांव के आसपास ही साइकिल चलाकर कुछ देर में घर लौट आते थे। लेकिन उस रात वे अपने नियमित मार्ग से काफी दूर निकल गए, जो अब परिवार के लिए एक रहस्य बना हुआ है।
मृतक के पुत्र लीलाधर साहू ने बताया, “पिता रोज़ शाम को साइकिल से घूमने जाते थे, लेकिन कभी गांव से बाहर मुख्य सड़क तक नहीं जाते थे। जिस जगह पर हादसा हुआ, वह गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर है। हमें समझ नहीं आ रहा कि वे वहां कैसे पहुंचे।”
जानकारी के मुताबिक, रायपुर–बलौदा बाजार मुख्य मार्ग पर किसी अज्ञात तेज़ रफ्तार वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि गणेश राम साहू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। रात अधिक होने के कारण घटना की तत्काल जानकारी किसी को नहीं मिल सकी।
जब देर रात तक गणेश राम साहू घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास और परिचितों के यहां खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। अगले दिन सुबह सड़क दुर्घटना में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने पर परिजन पलारी थाना पहुंचे, जहां शव की पहचान गणेश राम साहू के रूप में की गई।
पलारी थाना प्रभारी परेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक का माहौल है। वहीं, परिवार अब भी इस सवाल से जूझ रहा है कि गणेश राम साहू उस रात अपने रोज़मर्रा के रास्ते से इतनी दूर क्यों चले गए, जिसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button