सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल का आईसीएसई (10वीं) एवं आईएससी (12वीं) बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम

बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़ सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने एक बार पुनः शैक्षणिक उत्कृष्टता का शानदार उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आईसीएसई कक्षा 10वीं एवं आईएससी कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त कर जिले एवं नगर को गौरवान्वित किया है। विद्यालय के प्रथम आईएससी (कक्षा 12वीं) बैच द्वारा यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की गई, जिससे विद्यालय परिसर में हर्ष एवं गर्व का वातावरण व्याप्त है। विशेष रूप से बलौदाबाजार जिले में आईएससी बोर्ड की प्रथम कक्षा 12वीं बैच का 100 प्रतिशत परिणाम उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है।
कक्षा 12वीं में अलिजा लश्कर ने 94.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि निशामुद्दीन कुरैशी ने 91.25 प्रतिशत अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान हासिल किया। परीक्षा परिणाम में 8 विद्यार्थियों को डिस्टिंक्शन एवं 12 विद्यार्थियों को प्रथम श्रेणी प्राप्त हुई।
वहीं आईसीएसई कक्षा 10वीं का परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। परीक्षा में कुल 99 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 40 विद्यार्थियों को डिस्टिंक्शन तथा 51 विद्यार्थियों को प्रथम श्रेणी प्राप्त हुई। 50 से 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 8 रही। कक्षा 10वीं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया, जिनमें 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 विद्यार्थियों ने विशेष उपलब्धि हासिल की।
टॉपर सूची में वरुण कुमार वर्मा ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। हिमानी साहू एवं पुष्पेंद्र पैकरा ने 93.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अस्ते मिश्रा 93 प्रतिशत के साथ तृतीय, पूर्वी वर्मा 92.4 प्रतिशत के साथ चतुर्थ, आरशिया फातिमा 92.2 प्रतिशत के साथ पंचम तथा यश्ती ध्रुव 92 प्रतिशत के साथ षष्ठ स्थान पर रहीं। ईशिका जायसवाल एवं पायल पैकरा ने 91.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से सप्तम स्थान प्राप्त किया, जबकि हिमांशु यादव ने 91 प्रतिशत अंक अर्जित कर अष्टम स्थान हासिल किया।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने विषयवार उत्कृष्ट प्रदर्शन भी किया। वरुण कुमार वर्मा ने इतिहास एवं नागरिक शास्त्र में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। हर्षिता गुप्ता ने शारीरिक शिक्षा में 100 अंक अर्जित किए। हिमांशु यादव ने इतिहास एवं नागरिक शास्त्र तथा शारीरिक शिक्षा दोनों विषयों में 99-99 अंक प्राप्त किए। जितेश साहू ने शारीरिक शिक्षा में 99 अंक तथा अस्ते मिश्रा ने कंप्यूटर विषय में 99 अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर शेरिन थॉमस, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ-साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी इसी प्रकार सफलता की नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर विद्यालय एवं अपने अभिभावकों का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।



