
( रॉकी साहू लवन ) नगर पंचायत लवन के बाजार चौक में आज पल्स पोलियो दिवस के उपलक्ष्य में विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत के पूर्व पार्षद अजय ताम्रकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान अजय ताम्रकार ने अपने हाथों से छोटे बच्चों को पोलियो की दवा (ड्रॉप) पिलाई और क्षेत्रवासियों को अपने बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को पूरा करने में हम सभी की सहभागिता जरूरी है, ताकि कोई भी बच्चा इस जानलेवा बीमारी से अछूता न रहे।
इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी मुस्तैदी से जुटी रही। शिविर में आरएचओ एवं मितानिनों और स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने घर-घर जाकर और निर्धारित बूथों पर पहुंचकर बच्चों की जांच की और उन्हें पोलियो की खुराक सुनिश्चित की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो ड्रॉप पिलाएं और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही अन्य टीकाकरण योजनाओं का भी लाभ उठाएं।


