
हर-हर महादेव के जयघोष और बोल-बम के नारे से गूंजा लवन।
लवन – सावन माह के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और श्रद्धा का परिचय देते हुए जय महाकाल युवा समिति लवन के तत्वावधान में कांवड़ियों का जत्था रविवार सुबह छत्तीसगढ़ की काशी खरौद के लिए रवाना हुआ।
कांवड़ियों ने सबसे पहले जाड़ा तालाब से पवित्र जल भरकर भगवान भोलेनाथ के मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे डीजे-बाजे और भगवान महाकाल के जयकारों के साथ कांवड़ यात्रा खरौद के लिए प्रस्थान कर गई।
कांवड़िए खरौद पहुंचकर प्रसिद्ध श्री लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का दर्शन कर पवित्र जल अर्पित करेंगे और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे। यात्रा के दौरान कांवड़ियों में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
जय महाकाल युवा समिति लवन के सदस्यों ने बताया कि सावन के पावन महीने में भगवान शिव के प्रति आस्था को लेकर यह कांवड़ यात्रा आयोजित की गई है। बड़ी संख्या में युवा श्रद्धालु उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हुए।


