गिधपुरीपलारी

वटगन सुशासन सप्ताह में प्रशासन गांव तक पहुंचा, ग्रामीणों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ

डोमार साहू ( गिधपुरी)विष्णुदेव साय सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने एवं भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी की जन्म जयंती के अवसर पर सुशासन सप्ताह प्रशासन से गांव की ओर अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत पलारी के ग्राम वटगन में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन की जनहित एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाना रहा। कार्यक्रम के दौरान अन्नप्राशन संस्कार, गोद भराई, राशन कार्ड वितरण, श्रम कार्ड वितरण तथा भूमिहीन किसानों का पंजीयन किया गया। अधिकारियों ने मौके पर ही आवेदनों का निराकरण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष सविता यादव उपस्थित रहीं।

जनपद अध्यक्ष सविता यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन सप्ताह का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना है। “प्रशासन से गांव की ओर” अभियान इसी सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार ने बीते दो वर्षों में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन को प्राथमिकता दी है। उन्होंने भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि उनका सपना था कि शासन व्यवस्था जनसेवा का माध्यम बने, न कि केवल कार्यालयों तक सीमित रहे। आज गांव-गांव में लग रहे ऐसे शिविर उसी विचारधारा को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, श्रमिक कल्याण और किसानों के हित में सरकार लगातार कार्य कर रही है। सविता यादव ने बताया कि अन्नप्राशन और गोद भराई जैसे कार्यक्रम समाज में पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। राशन कार्ड और श्रम कार्ड वितरण से गरीब एवं श्रमिक वर्ग को सीधा लाभ मिल रहा है। भूमिहीन किसानों का पंजीयन उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं की जानकारी लें, पात्रता के अनुसार आवेदन करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रशासन को अवगत कराएं। जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता की सेवा के लिए सदैव उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और सहभागिता बढ़ाने से विकास की गति तेज होगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रवि बंजारे, जनपद सदस्य अनुसुईया मोकेश चंद्राकर, जनपद सदस्य उमेश यदु, जनपद सदस्य जनार्दन वर्मा, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष चरणदास तेरहवंश, मंडल अध्यक्ष विजय कोसले, सरपंच बाबूलाल बंजारे, निर्मला रजक सहित वटगन के समस्त पंच, सचिव तथा भाजपा मंडल पलारी के वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

फोटो,,

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button