भरूवाडीह में बड़ी दुर्घटना टली, अनियंत्रित कार दुकान के बगल में घुसी चारों सवार बाल-बाल बचे

(गिधपुरी डोमार साहू)
भरूवाडीह रविवार दोपहर ग्राम भरूवाडीह में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गिरौधपुरी से दर्शन कर राजिम नवापारा लौट रहे चार लोगों की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित शारदा च्वाइस सेंटर के बगल में जा घुसी। हादसा इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार कार में सवार सागर नवरंगे, टिकेश्वर नवरंगे, सोमनाथ कुर्रे सहित अन्य लोग गिरौधपुरी में पूजा-अर्चना करके घर लौट रहे थे। जैसे ही वाहन भरूवाडीह के पास पहुंचा, तभी अचानक एक बच्चा सड़क पर आ गया। बच्चे को बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने अचानक मोड़ लिया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया।
अनियंत्रित वाहन पहले बिजली के खंभे से जोरदार टकराया और वहीं से उछलकर सीधे दुकान के बगल में जा रुका। हादसे के दौरान कार के अगले हिस्से में काफी नुकसान हुआ, गनीमत रही कि उस समय दुकान के बाहर कोई व्यक्ति खड़ा नहीं था, अन्यथा बड़ा अनर्थ हो सकता था।
ग्रामवासियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। सभी यात्रियों को केवल मामूली चोटें आईं और उनकी जान खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगो ने मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। लोगों को सड़क किनारे हटवाकर सामान्य कराई। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना-प्रवण स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने और साइन बोर्ड लगाने की मांग की है
स्थानीय लोगों ने कहा यह बड़ा हादसा हो सकता था, भगवान की कृपा से सभी बच गए, वरना दृश्य भयावह होता।




