
अंबिकापुर – सरगुजा के सीतापुर
थाना क्षेत्र से तीन माह पूर्व लापता आदिवासी राजमिस्त्री की हत्या कर दी गई थी।राजमिस्त्री का शव मैनपाट के ग्राम लुरैना में सौर ऊर्जा संचालित पानी टँकी के नीचे दफना दिया गया था। ठेकेदार ने सहयोगियों के माध्यम से घटना कारित की थी शुक्रवार को पुलिस ने पानी टँकी के निर्माण को हटाकर एक्सीवेटर की मदद से नींव के फाउंडेशन वाले हिस्से को खोदा तो शव बरामद हुआ। शव का ऊपरी हिस्सा सड़क चुका था।कपड़ा और ढांचा सुरक्षित था।युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कंकाल का डीएनए टेस्ट भी कराएगी। हालांकि संदेहियों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर ही कंकाल बरामद किया गया है। मृतक के स्वजन ने कपड़े व अन्य सामानों के माध्यम से उसकी पहचान कर ली है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।
सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम उलकिया हाई स्कूल भवन का निर्माण कार्य सीतापुर के ठेकदार अभिषेक पांडेय द्वारा कराया जा रहा था। तीन माह पूर्व निर्माण कार्य स्थल से छड़, सीमेंट एवं अन्य निर्माण सामग्री की चोरी हो गई थी। सात जून को ठेकेदार एवं साथियों ने बेलजोरा निवासी संदीप लकड़ा नामक आदिवासी राजमिस्त्री को उठा लिया था।संदीप निर्माण कार्य में लगा था।अपनी वाहन में बैठाकर उसे ले गए थे। इसके बाद संदीप लकड़ा घर वापस नहीं लौटा था। पहले दिन से ही उसकी हत्या कर दिए जाने का संदेह घरवाले जता रहे थे। आठ जून को ठेकेदार अभिषेक पांडेय ने ही सीतापुर थाने में शिकायत की थी कि राजमिस्त्री संदीप और सहयोगियों ने निर्माण स्थल से छड़ की चोरी कर बेच दिया है। उधर संदीप की पत्नी सलीमा लकड़ा ने 16 जून को सीतापुर थाने में अपने पति के गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
अगस्त माह में सर्व आदिवासी समाज ने संदीप लकड़ा की हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया था। पुलिस ने मामले में ठेकेदार अभिषेक पांडेय, प्रत्युश पांडेय सहित अन्य सथियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और आदिवासी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था। मोबाइल लोकेशन स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस ने ठेकेदार अभिषेक पांडेय व प्रत्युश पांडेय के सहयोगियों को हिरासत में लिया। सीएसपी रोहित शाह की टीम ने ठेकेदार के सहयोगियों से कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने संदीप लकड़ा की हत्या कर मैनपाट के लुरैना में निर्माणाधीन पानी टंकी के नीचे दफनाने की जानकारी दी।
शुक्रवार को संदेहियों को लेकर पुलिस टीम लुरैना पहुंची। प्रत्युश पांडेय ने पुलिस को बताया कि सामानों की चोरी की घटना पर नाराज़गी थी। संदीप की उन्होंने पिटाई की थी एवं उसे अपने पास रखा हुआ था। सुबह संदीप की मौत हो गई थी। पुलिस की कार्रवाई से बचने उसके शव को लुरैना में सौर ऊर्जा चलित पानी टंकी के फांउडेशन में दफन कर दिया था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने लापता संदीप के स्वजन एवं सर्व आदिवासी समाज के लोगों के साथ शव बरामद करने लुरैना पहुंची। यहां सौर ऊर्जा चलित पानी टँकी के ऊपरी हिस्से को गिराया गया। एक्सीवेटर से लगभग 15 से 20 फीट नीचे खोदाई करने पर युवक का शव बरामद हुआ। फारेंसिक एक्सपर्ट कुलदीप कुजुर की टीम ने कंकाल को प्रिजर्व किया है।स्वजन ने शव की पहचान उसके कपड़ों से की है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था।
मिली जानकारी के अनुसार सात जून को राजमिस्त्री का अपहरण कर लिया गया था। रात में उसकी पिटाई की गई। सुबह उसकी मौत हो गई। दिनभर आरोपितों ने शव को रखा। रात को सभी ने मिलकर लुरैना ग्राम में सौर ऊर्जा चलित पानी टँकी निर्माण स्थल पर दफना दिया था। उसके ऊपर फाउंडेशन खड़ा कर दिया गया था। उसके ऊपर लोहे के एंगल वाले टँकी का निर्माण कर उसके ऊपर 1000 लीटर क्षमता की पानी टँकी रखवा दिया गया था।इस कार्य का ठेका भी आरोपितों को ही मिला था। पूछताछ में ठेकेदार के सहयोगी टूट गए और सच्चाई बता दी। मामले में ठेकेदार अभिषेक पांडेय फरार बताया है।अभी पुलिस की जांच जारी है

