
(गिधपुरी डोमार साहू )थाना गिधपुरी क्षेत्र के जुनवानी में सोमवार सुबह आपसी विवाद के चलते पिता-पुत्र द्वारा एक व्यक्ति पर लोहे के दाव से जानलेवा हमला करने की गंभीर घटना सामने आई है। घटना में घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में बलौदाबाजार के चंदादेवी तिवारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं गिधपुरी पुलिस ने घटना के मात्र छह घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 नवंबर 2025 की सुबह लगभग 6 बजे प्रार्थी अपने घर में था, तभी उसकी पत्नी हड़बड़ाई हुई घर पहुंची और बताया कि उसके पिता सुनहर दास दीदी पर पड़ोसी विद्याचरण भतपहरी (52 वर्ष) एवं उसका पुत्र धनीराम भतपहरी, दोनों निवासी ग्राम जुनवानी, मिलकर मारपीट कर रहे हैं। प्रार्थी जब बाहर आया तो देखा कि दोनों आरोपी लोहे के दाव से उसके पिता पर वार कर रहे हैं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना गिधपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 152/2025 धारा 109, 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन एवं थाना गिधपुरी प्रभारी संदीप बंजारे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट के छह घंटे के भीतर ही आरोपियों विद्याचरण भतपहरी एवं धनीराम भतपहरी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि भ्रम-भूत की बात और पुराने विवाद के कारण उन्होंने सुनहर दास पर हमला किया।



