बाइक गैंग का आतंक बढ़ा, पुलिस की पकड़ ढीली — आधे घंटे में दो युवकों पर चाकू से हमला, क्षेत्र में दहशत

गिधपुरी डोमार साहू
। पलारी थाना क्षेत्र में बाइक सवार चाकूबाजों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। तीन युवकों का गिरोह लूट और हमला करने की वारदात को खुलेआम अंजाम दे रहा है, जबकि पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है। गुरुवार को आधे घंटे के भीतर दो युवकों को चाकू मारकर लूटने की घटनाओं ने इलाके में भय और नाराज़गी दोनों को बढ़ा दिया है।
आधे घंटे में दो वारदात, वही गिरोह—पुलिस खाली हाथ
पहली घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे खोरसी नाला टेमरी मोड़ पर हुई। राधेश्याम नवरंगे (34) बस का इंतज़ार कर रहे थे, तभी तीन बाइक सवार युवकों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने उनसे 7000 रुपये और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित के गिड़गिड़ाने के बावजूद आरोपियों ने उनके दोनों पैरों की जांघ में तीन बार चाकू घोंपकर फरार हो गए।
घटना के मात्र 30 मिनट बाद घोटिया मोड़ पर जीवन बघेल (33) भी उन्हीं अपराधियों का शिकार बने। आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर 700 रुपये छीने और फिर उनके पैर में तीन बार चाकू घोंप दिया। दोनों घटनाओं में शामिल तीनों आरोपी एक ही बाइक पर सवार बताए जा रहे हैं। पीड़ितों ने मुख्य आरोपी के गले पर टैटू होने की जानकारी भी पुलिस को दी है।
पुरानी वारदातें भी अनसुलझी, अपराधियों के हौसले बुलंद
कुछ दिन पहले पलारी शराब भट्टी के पास सनत सोनी पर चाकू से हमला किया गया था। इस घटना में भी आरोपी फरार हैं। लगातार तीन घटनाओं के बावजूद किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की गश्त कमजोर है और अपराधी यही मौका देखते हुए वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
इलाके में बढ़ी दहशत, लोग बोले अपराधी खुला घूम रहे, पुलिस नाकाम
लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं से क्षेत्र के लोग बुरी तरह डरे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और पुलिस की पकड़ ढीली पड़ गई है। लोगों ने मांग की है कि इलाकों में रात की गश्त बढ़ाई जाए और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
विधायक ने जताई नाराज़गी, घायलों से की मुलाकात
स्थानीय विधायक संदीप साहू ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।
पुलिस ने कहा—जल्द होंगे गिरफ्तार
थाना प्रभारी हेमंत पटेल ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गवाहों से पूछताछ जारी है। हालांकि अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। लगातार हो रही वारदातों के बाद पुलिस पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव बढ़ गया है।




