
डोमार साहू (गिधपुरी) कसडोल विधायक संदीप साहू ग्राम पंचायत भवानीपुर में आयोजित पारंपरिक मड़ई मेला महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मेले में पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात विधायक साहू ने मंदिर में विधिवत भूमि पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
मड़ई मेले के दौरान विधायक संदीप साहू ने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की और छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं के प्रति अपना सम्मान प्रकट करते हुए राउत नाचा दल के साथ लाठी थामकर पारंपरिक लोकधुनों पर जमकर नृत्य किया। विधायक को राउत नाचा में सहभागी होता देख ग्रामीणों में विशेष उत्साह और आनंद का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक संदीप साहू ने कहा कि “मड़ई मेला और राउत नाचा छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोकसंस्कृति के प्रतीक हैं। इन परंपराओं को सहेजना और आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने युवाओं से भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रवि बंजारे सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में पारंपरिक उत्सव, लोकनृत्य और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।



