
मध्य प्रदेश के विश्व विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा घायल हो गए। सिर में नारियल लगने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।
मनासा में शिवपुराण कथा होने वाली थी जिसकी पूरी तैयारियां हो चुकी थीं, भक्तों में बहुत उत्साह था लेकिन अब इस घटना से उन्हें मायूसी हाथ लगी है
शिवपुराण की कथा सुनाकर लोगों में देवाधिदेव महादेव की भक्ति का भाव जगाने वाले प्रसिद्द कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा घायल हो गए हैं, उनके सिर में नारियल से चोट लगी है, जिसके बाद डॉक्टर्स ने उन्हें आराम की सलाह दी है, जिसके चलते उनकी आगे की सभी कथाएं स्थगित कर दी गई है।
मनासा के लोगों को ये बात सुनकर बहुत निराशा हुई है लेकिन वे पंडित प्रदीप मिश्रा के जल्दी स्वस्थ होने की कामना महादेव से कर रहे हैं, आपको बता दें कि लंबे समय से किये जा रहे प्रयासों के बाद नीमच के मनासा में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का आयोजन होना तय हुआ था लेकिन इसी बीच वे महादेव की होली के दौरान भीड़ में से फेंके गए नारियल से घायल हो गए।
29 मार्च को सीहोर के आष्टा में पंडित प्रदीप मिश्रा महादेव की होली खेलने भक्तों के बीच पहुंचे थे। इस दौरान किसी अनुयायी ने भीड़ में से नारियल फेंका जो सीधा पंडित मिश्रा के सिर पर लग गया। इससे उन्हें चक्कर आ गया। परिवार के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद उन्हें इंदौर जाना पड़ा। सिटी केयर अस्पताल में उनका 3 दिन तक इलाज चला। उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी गई है।



