
डोमार साहू (गिधपुरी)
थाना पलारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भरूवाडीह में ग्राम पंचायत के उपसरपंच पर रॉड और डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा इस गंभीर घटना में त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी दंपति गांव में कथित रूप से अवैध धंधे में संलिप्त हैं। हाल ही में आरोपी पति जेल से रिहा हुआ था। मुखबिरी के संदेह में दोनों द्वारा ग्रामीणों को आए दिन अश्लील गालियां दी जा रही थीं। इस पर ग्राम पंचायत के उपसरपंच भाव सिंह जांगड़े ने उन्हें समझाइश देते हुए गलत व्यवहार से बचने और गांव में शांति बनाए रखने की अपील की थी।
इसी बात से नाराज होकर आरोपी पति-पत्नी ने उपसरपंच पर रॉड और डंडों से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही थाना पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध गाली-गलौज, धमकी देने एवं गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही अवैध व्यवसाय को लेकर भी जांच जारी है।
इस घटना के बाद ग्रामवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है और ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।








